स्व. प्राकृत शरण सिंह की स्मृति में उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान की शुरुआत, जनपक्षधर पत्रकारिता को मिलेगा नया सम्मान
खैरागढ़/निर्भीक, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय प्राकृत शरण सिंह की स्मृति में “स्व. प्राकृत शरण सिंह उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान” की शुरुआत की जा रही है। यह सम्मान 1 जनवरी 2026 से लागू होगा और हर माह केसीजी जिले के एक ऐसे पत्रकार को प्रदान किया जाएगा, जिसने अपने कार्य के माध्यम से समाज की सच्ची तस्वीर सामने रखी हो। यह पहल उस पत्रकारिता को सम्मान देने का प्रयास है, जो सत्ता के बजाय सच के साथ खड़ी होती है।
यह सम्मान केवल औपचारिक पुरस्कार नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों को जीवित रखने का संकल्प है। स्व. प्राकृत शरण सिंह अपने जीवन में निर्भीक लेखन, सामाजिक सरोकार और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने के लिए जाने जाते थे। उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह सम्मान शुरू किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी के पत्रकार भी ईमानदार और जिम्मेदार पत्रकारिता की राह पर आगे बढ़ें।
इस सम्मान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी भी माध्यम के पत्रकार को समान अवसर मिलेगा। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल पोर्टल, यूट्यूब या स्वतंत्र पत्रकार—सभी इसके दायरे में होंगे। चयन का आधार केवल कंटेंट होगा, न कि पद, पहचान या संस्थान। ऐसी खबरें जो जनहित से जुड़ी हों, भ्रष्टाचार या अनियमितताओं को उजागर करती हों, आम नागरिक, किसान, मजदूर, महिला, युवा और वंचित वर्ग की आवाज़ बनती हों, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। केवल बयानबाजी, औपचारिक कार्यक्रमों की कवरेज या प्रचारात्मक समाचार इस दायरे से बाहर रहेंगे।
यह सम्मान स्व. प्राकृत शरण सिंह द्वारा वर्ष 2000 में स्थापित नई शुरूवात वेलफेयर सोसायटी द्वारा प्रदान किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होगी। इसके लिए कोई आवेदन नहीं लिया जाएगा और न ही किसी तरह की सिफारिश मान्य होगी। जिले के वरिष्ठ पत्रकारों की समिति हर माह प्रकाशित या प्रसारित खबरों का मूल्यांकन कर योग्य पत्रकार का चयन करेगी।
यह पहल उन पत्रकारों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो जोखिम उठाकर सच सामने लाते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव रखते हैं। यह सम्मान पत्रकारिता की आत्मा को जीवित रखने की एक सशक्त कोशिश है।

