ग्रामीण जनसेवा समिति करमतरा द्वारा शैक्षणिक प्रतिभा सम्मान संपन्न
करमतरा, राजनांदगांव। ग्रामीण जनसेवा समिति करमतरा, जिला राजनांदगांव द्वारा दिनांक 15 फरवरी 2026 को “शैक्षणिक प्रतिभा सम्मान – 2026” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षण सत्र 2024–25 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में शासकीय किसान उच्चतर माध्यमिक शाला करमतरा के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को ₹101 से ₹3101 तक की नगद राशि, फ्रेम सहित सम्मान पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला करमतरा के कक्षा स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को ₹101 से ₹301 तक की नगद राशि, सम्मान पत्र एवं मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों के नाम घोषित किए गए। कक्षा 5वीं में हेमंग साहू (प्रथम), योगेंद्र साहू (द्वितीय) एवं टामेश्वरी साहू (तृतीय) रहे। कक्षा 8वीं में साधना साहू (प्रथम), वर्षा साहू (द्वितीय) एवं उर्वशी साहू (तृतीय) को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में कु. यामिनी (प्रथम), कु. दीपिका (द्वितीय), कु. प्राची पटौदी (तृतीय), कु. पल्लवी (चतुर्थ), कु. उमेश्वरी (पंचम) एवं कु. राधिका साहू (षष्ठ) को पुरस्कार प्रदान किए गए। कक्षा 12वीं में कु. तनुजा देवदास (प्रथम), कु. मेघा (द्वितीय), कु. यामिनी (तृतीय) एवं एवन कुमार (चतुर्थ) रहे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में ग्राम करमतरा के शासकीय कर्मचारियों द्वारा जनकल्याण, जनसेवा एवं देशभक्ति की भावना से गठित पंजीकृत संस्था जनसेवा समिति करमतरा द्वारा यह कार्यक्रम आठवें वर्ष आयोजित किया गया। समिति द्वारा निरंतर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं जनहित के विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अवसर पर जय बजरंग मानस परिवार करमतरा द्वारा मानस महोत्सव का 9वां वर्ष दो दिवसीय आयोजन भी किया गया। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रतिभा सम्मान समारोह में पधारे विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं समस्त ग्रामवासियों के लिए भोजन भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामवासियों एवं दानदाताओं का सराहनीय सहयोग रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टुमन लाल साहू, जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 17, विधानसभा डोंगरगांव उपस्थित रहे। अतिथियों एवं समिति पदाधिकारियों ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर परिश्रम एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन उत्साह एवं सामाजिक सद्भाव के वातावरण में हुआ।

