राजकुमारी उज्ज्वला देवी सिंह जी के करकमलों द्वारा किया गया "देव जन वाहिनी स्वंय सेवी संस्था" का शुभारंभ
राजनांदगांव लोकसभा के पूर्व सांसद व खैरागढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक स्व. राजा देवव्रत सिंह जी की जयंती 03 जून को बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। जिसमें सर्वप्रथम राज परिवार व स्व. राजा देवव्रत सिंह जी के कट्टर समर्थकों की उपस्थिति में "देव जन वाहिनी स्वंय सेवी संस्था" का शुभारंभ राजकुमारी उज्ज्वला देवी सिंह जी के करकमलों द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि इस स्वयं सेवी संस्था के स्वप्नद्रष्टा स्वयं स्व. राजा साहब ही थे। जिसमें सर्वसम्मति से राजा आर्यव्रत सिंह जी को अध्यक्ष व राजकुमारी शताक्षी सिंह जी को संरक्षक नियुक्त किया गया। 
तत्पश्चात स्व. राजा साहब की मूर्ति व समाधि स्थल पर पूजा अर्चना व मालार्पण किया गया। जिसके उपरांत दाऊचौरा खैरागढ़ स्थित दाऊ साहब मंदिर में दर्शन कर सिविल अस्पताल खैरागढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर व समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में मरीजों का हाल चाल जान कर उन्हें फल व स्वास्थ्य वर्धक खाद्य सामग्री वितरित की गई। इसी दौरान वनांचल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा में हार्ट के मरीजों की जांच हेतु "ई.सी.जी. मशीन" भी राजा आर्यव्रत सिंह व राजकुमारी शताक्षी सिंह द्वारा अपने पिता की स्मृति स्वररूप प्रदान किया गया।
स्व. राजा साहब के गृह ग्राम उदयपुर में भी जयन्ती कार्यक्रम समस्त ग्रामवासियों के द्वारा राज परिवार के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। सायंकालीन बेला में खैरागढ़ नगर स्थित सुप्रसिद्ध रुक्खड़ स्वामी मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड का कार्यक्रम व भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी रखी गई थी। जिसमें इन्दिरकला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.डॉ लवली शर्मा व खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा सहित अनेक ग्रामों व शहरों के गणमान्य नागरिक जन, क्षेत्रवासी व स्व. राजा देवव्रत सिंह जी के आत्मीयजन शामिल हुए।

