सुशासन तिहार में शिक्षा के सितारों का सम्मान, प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन कराने वाले शिक्षकों को मिली सराहना

हेमंत पाल/धमधा विकासखंड के ग्राम पंचायत चीचा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम केवल जनसमस्याओं के निराकरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान का भी साक्षी बना। कार्यक्रम में ऐसे शिक्षकों को मंच पर सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्षों से ग्रामीण अंचल के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में माध्यमिक शाला पोटिया के शिक्षक पवन सिंह और माध्यमिक शाला छोटे पुरदा के शिक्षक आदिल हसन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षकों ने अब तक 500 से अधिक विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) में कराकर शिक्षा जगत में एक मिसाल पेश की है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर सफलता दिलाने पर अतिथियों ने उनकी सराहना की।
इसी प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला डोड़की के प्रधान पाठक यशवंत पटेल एवं प्राथमिक शाला सेमरिया के प्रधान पाठक दिनेश वर्मा को भी सम्मानित किया गया। इन दोनों शिक्षकों ने अब तक लगभग 300 छात्रों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में कराकर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।
नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले अन्य शिक्षकों में सहायक शिक्षक खिलेश्वर साहू (प्राथमिक शाला डोड़की), प्रधान पाठक पोषण देशमुख (शाला पुरदा करेली) तथा प्रधान पाठक हेमंत कुमार साहू (पुरदा) का भी सम्मान किया गया। इन शिक्षकों ने भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में केवल शिक्षकों ही नहीं बल्कि मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। धमधा विकासखंड की 12वीं बोर्ड परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा शिवानी वर्मा को 95 प्रतिशत अंक हासिल करने पर सम्मानित किया गया। वहीं 91 प्रतिशत अंक के साथ नौवां स्थान प्राप्त करने वाली श्रद्धा बंजारे को भी मंच से सम्मान मिला।
इसके अलावा 10वीं कक्षा में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र टिकेश्वर पटेल का भी अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
सुशासन तिहार के इस आयोजन में शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे शिक्षकों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मान मिलने से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह से बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।


