सरहद की जंग में उलझी देवकर व धमधा पुलिस, गब्दी नाला के पास बढ़ी चोरी की घटनाएं
धमधा/ दुर्ग जिले के धमधा थाना और बेमेतरा जिले की देवकर चौकी के बीच सीमा विवाद अब कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगा है। दोनों पुलिस इकाइयों की आपसी खींचतान का फायदा उठाकर अज्ञात चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पीड़ित किसान न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। दरअसल, देवकर और धमधा की सरहद पर स्थित गब्दी नाला लंबे समय से दोनों जिलों की सीमा को चिन्हित करता रहा है। नाले के एक ओर देवकर पुलिस का सांकेतिक बोर्ड लगा हुआ है, जबकि दूसरी ओर धमधा थाना का बोर्ड वर्षों से मौजूद था। लेकिन कुछ माह पहले विवाद उस समय गहराया जब धमधा पुलिस के दो आरक्षकों द्वारा कथित रूप से सीमा दर्शाने वाले बोर्ड को काटकर करीब एक किलोमीटर दूर स्थापित कर दिया गया।इस घटनाक्रम के बाद से ही सीमा को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। इसी बीच, इस सरहदी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ने लगी हैं। हाल ही में सरहद से लगे किसान सूर्य नारायण तिवारी के कृषि फार्म हाउस को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने करीब 20 कट्टा गेहूं और 5 कट्टा चना चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया, हालांकि कुछ फुटेज में संदिग्ध चेहरे कैद बताए जा रहे हैं।
पीड़ित किसान ने इस घटना की शिकायत देवकर चौकी में दर्ज कराई, लेकिन वहां से मामला धमधा थाना क्षेत्र का बताकर टाल दिया गया।
हैरानी की बात यह है कि 28 अप्रैल की मध्यरात्रि को एक बार फिर उसी फार्म हाउस को निशाना बनाया गया। इस बार चोरों ने सीसीटीवी और एलईडी टीवी को तोड़फोड़ कर दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की लिखित शिकायत धमधा थाना में दी गई है, जहां अधिकारियों ने जांच की बात कही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीमा विवाद के चलते दोनों पुलिस इकाइयां जिम्मेदारी से बच रही हैं, जिसका सीधा फायदा अपराधी उठा रहे हैं। क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध गतिविधियां जैसे शराब तस्करी और अन्य संदिग्ध काम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि पुलिस पेट्रोलिंग न के बराबर है।


