धनोरा के बाबा दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, षष्ठी पर पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर ने टेका माथा
हेमंत पाल (दुर्ग) चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्ग जिले के बाबा दरबार पावन धाम, धनोरा में इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर में जोत-जवारा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं। “जय माता दी” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।
षष्ठी पर राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों की उपस्थिति
नवरात्रि की षष्ठी तिथि पर पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेत्री प्रतिमा चंद्राकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ बाबा दरबार पहुंचीं। उन्होंने माता रानी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और क्षेत्रवासियों की खुशहाली की कामना की। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसी अवसर पर रायपुर के सिवनी-मोवा क्षेत्र से आई महिला भजन मंडली ने माता रानी के भजनों की मधुर प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों की स्वर लहरियों ने उपस्थित भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। कई श्रद्धालु भजनों के साथ झूमते नजर आए।
परिवार संग दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु
रागदीप के संचालक कुलदीप साहू (लक्की स्टूडियो, सलौनी-सिकोसा) भी अपने पूरे परिवार के साथ ज्योति दर्शन के लिए पहुंचे और माता रानी से आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में लगातार बढ़ती भीड़ इस बात का प्रमाण है कि बाबा दरबार धनोरा की आस्था दूर-दूर तक फैली हुई है।
आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा
दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में भव्य धार्मिक आयोजन निर्धारित हैं
गुरुवार शाम 4 बजे: अष्टमी हवन का कार्यक्रम, जिसका संचालन पंडित विनय शर्मा द्वारा किया जाएगा।
शुक्रवार शाम 4 बजे: ज्योति विसर्जन एवं भव्य शोभायात्रा, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी।
2 अप्रैल (गुरुवार) शाम 4 बजे: झांकी के साथ हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना एवं महावीर उद्यान में प्रसाद वितरण। पताका-ध्वज फहराया जाएगा।
रात्रि 10 बजे से: छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध नाच पार्टी “श्री राधे कृष्णा धुर्रा बंजारी” द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति।
दरबार प्रतिनिधि चंद्रकांत कोसरे एवं कुंज लाल साहू ने समस्त भक्तों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनें।


