भव्य आयोजन के साथ मनाई जाएगी 135वीं जयंती, पूनम विराट बिखेरेंगी सुरों का जादू
हेमंत पाल खैरागढ़/ छत्तीसगढ़ के छुईखादन में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर नगर में दिनभर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
बौद्ध महासभा जिला अध्यक्ष खैरागढ़-छुईखादन-गंडई संतोष कामड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि बाबा साहेब की जयंती को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संध्याकालीन 7:00 बजे आयोजित विशेष सांस्कृतिक संध्या होगी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रसिद्ध लोक गायिका पूनम विराट अपनी प्रस्तुति देंगी।
कार्यक्रम में बाबा साहेब के विचारों, उनके संघर्ष और समाज सुधार के योगदान को याद करते हुए लोगों को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया जाएगा।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिससे छुईखादन में 14 अप्रैल की शाम एक ऐतिहासिक और यादगार आयोजन के रूप में दर्ज होने जा रही है।


