नवरात्रि में चोरों का आतंक: बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबा में 4–5 घरों में चोरी, रात्रि गश्त पर उठे सवाल
हेमंत पाल/ जिला दुर्ग के बोरी थाना अंतर्गत ग्राम ढाबा में बीती रात चोरों ने ऐसा कहर बरपाया कि ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। एक ही रात में 4 से 5 घरों को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिए हैं।
लगातार बढ़ रही घटनाएं, ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आरोप है कि पुलिस गश्त का दावा तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। ग्राम ढाबा में जिस तरह एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाया गया, उससे यह स्पष्ट है कि चोरों को पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है।
फार्म हाउस से बोर केबल चोरी
पीड़ित ग्रामीण सुदीप घोषाल ने बोरी थाना में लिखित आवेदन देकर बताया है कि उनके फार्म हाउस से बोर का महंगा केबल चोरी कर लिया गया। यह केबल खेतों की सिंचाई के लिए अत्यंत आवश्यक था। अचानक हुई इस चोरी से खेती कार्य प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि कृषि सीजन के समय इस तरह की वारदात किसानों की कमर तोड़ने वाली है।
नवरात्रि ड्यूटी में व्यस्त पुलिस, चोर बेखौफ
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चैत्र नवरात्रि पर्व के चलते पुलिस बल का बड़ा हिस्सा त्योहार व्यवस्था में तैनात है। इसी का फायदा उठाकर चोर सक्रिय हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि “पुलिस ड्यूटी में व्यस्त है और चोर मस्त हैं।”
अवैध गतिविधियों की भी चर्चा
गांव में यह भी चर्चा है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियां चरम पर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे। लगातार हो रही वारदातों के कारण लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बोरी पुलिस पर उठते सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नियमित रात्रि गश्त हो रही थी तो एक ही रात में 4–5 घरों में चोरी कैसे हो गई? क्या गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित है? क्या अपराधियों को किसी तरह की स्थानीय जानकारी या संरक्षण प्राप्त है?
ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस तत्काल विशेष टीम गठित कर चोरों की तलाश करे, गांव में गश्त बढ़ाए और संदिग्ध तत्वों पर कड़ी निगरानी रखे।
अब देखना होगा कि बोरी पुलिस इन घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है। फिलहाल ग्राम ढाबा में भय और आक्रोश का माहौल है, और लोग प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


