वैदिक मंत्रों से गायत्रीमय हुआ धर्मधाम धमधा

हेमंत उमरे CG सच तक धमधा 23 दिसंबर 2024। ऐतहासिक नगर धमधा में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ में मनुष्य में देवत्व के उदय के लिये आहूतियां दी गई। महायज्ञ में पारंपरिक वेशभूषा में दंपत्ति यज्ञ विधान पूरा कर रहे हैं। पावन बना दे हे देव सविता की भावना से मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में समिध अर्पित की गई।
गायत्री परिवार एवं धर्मधाम गौरवगाथा समिति व्दारा आयोजित नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ में प्रात:कालमुख्य यजमानों ने पवित्रीकरण कर मन, वाणी और अंतःकरण को शुद्ध किया। इसके पश्चात् सर्वोतोभद्रपूजन कर सभी देवी-देवताओं की पूजा अर्चना की गई।
शांतिकुंज हरिद्वार से आए पुराहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण कर वातावरण का शुद्धिकरण किया। इसके पश्चात् गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र से आहूति दी गई। इसमें पुंसवन संस्कार, दीक्षा संस्कार एवं विद्या आरंभ संस्कार भी कराये गए। यज्ञशाला में शकुंतला यादव, लोकेश्वरी देवांगन, धर्मशीला शर्मा, ऊषा केसरा, जेठूराम निषाद ने उपाचार्य की जिम्मेदारी संभाली।
यज्ञ में लोक कल्याण एवं वातावरण के परिष्कार के लिये घी व जड़ीबूटी वाली हवन सामग्री से आहूतियां दी गईं। श्रद्धालुओं ने - यज्ञ देव प्रभो हमारे भाव उज्जव कीजिये, छोड़ देवें छल कपट को मानसिक बल दीजिये, गाते हुए यज्ञशाला की परिक्रमा की।
इसके बाद यज्ञशाला में ही जंगल से आए पत्तल में बैठकर भोजन कराया गया। दोपहर 1 बजे से देर रात तक भंडारा चला। इस अवसर पर आयोजन समिति के संयोजक वीरेंद्र देवांगन, गोविन्द पटेल, ईश्वरी निर्मलकर, सुनील गुप्ता, सुजीत ताम्रकार, बीरेंद्र सोनी, दुर्गेश देवांगन, केशव देवांगन सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।
दीपयज्ञ से रोशन हुई यज्ञशाला
रात्रि में शांतिकुंज प्रतिनिधि गायत्री साधना केंद्र रिसाली भिलाई के (टोली नायक) महेंद्र वर्मा, पृथ्वीपाल साहू ( युग गायक), पन्नालाल वर्मा (हारमोनियम वादक), सुनील दास वैष्णव (तबला वादक) ने दीप यज्ञ कराया। मुखराज किशोर यादव ने दियों से कलाकृति बनाई, जिसकी जगमग रोशनी से वातावरण भक्तिमय हो गया। शंख बजे, दीप जले व्दार-व्दार दीपक जलाओ रे गीत के बीच गायत्री मंत्र से भावनात्मक आहूति दी गई।
विधायक ने की दस लाख की घोषणा
दीपयज्ञ में शामिल होने साजा धमधा विधायक ईश्वर साहू भी पहुंचे। उन्होंने गायत्री मंदिर में चेकर टाइल्स एवं अन्य निर्माण के लिये विधायक निधि से देने की घोषणा की। इस अवसर पर नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष लोकेंद्र ब्रम्हभट, सासंद प्रतिनिधि विमल पटेल, रोहित ठाकुर, बृजेन्द्र दानी, नवीन जैन उपस्थित थे।


