घोटवानी में गूंजा जय श्री राम, धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव
हेमंत उमरे /दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक के ग्राम घोटवानी में इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव बेहद भव्य और आस्था के माहौल में मनाया गया। पूरे गांव में सुबह से ही भक्ति की बयार बहती रही और देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों की धूम देखने को मिली।
धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों के लिए प्रसिद्ध घोटवानी गांव में हनुमान जन्मोत्सव इस बार भी खास अंदाज में मनाया गया। सुबह से ही गांव के सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हनुमान जी का चोला वंदन किया गया।
इसके बाद सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर भक्ति रस में डूबे रहे। पूरे वातावरण में जय श्री राम और हनुमान जी महाराज की जय के जयकारे गूंजते रहे।
शाम में महाप्रसादी वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की खास बात यह रही कि छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध झांकी पटपर डोंगरगढ़ का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे। झांकी की भव्यता और जीवंत प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
शाम होते ही गांव का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया, जब ढोल-नगाड़ों और धमाल के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान हनुमान की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आतिशबाजी और रोशनी से पूरा गांव जगमगा उठा।
इस पूरे आयोजन का संचालन संकल्प युवा संगठन के तत्वावधान में किया गया। आयोजन से जुड़े ओमकार उमरे ने बताया कि हनुमान जी चिरंजीवी हैं और उनकी भक्ति व लीलाएं हमें जीवन में शक्ति, साहस और सेवा की प्रेरणा देती हैं।


