शनि मंदिर तालाब संरक्षण के लिए वृहद वृक्षारोपण 12 जुलाई को
- धमधा के छै आगर छै कोरी तालाब को संरक्षित करने की दिशा में प्रयास
धमधा। ऐतिहासिक नगर धमधा में तालाब संरक्षण की दिशा में बिरझापुर स्थित शनिदेव तालाब का जीर्णोद्धार किया गया है, इसमें हमेशा स्वच्छ जल भरा रहे, इसके लिए तालाब के आसपास वृहद वृक्षारोपण किया जा रहा है। 12 जुलाई शनिवार को वहां दो सौ से अधिक पौधे लगाए जाएँगे, इसमें हर पौधे को बड़ा करने के लिए एक-एक व्यक्ति जिम्मेदारी लेंगे।
धर्मधाम गौरवगाथा समिति और अभिनव जीवन कल्याण समिति दुर्ग ने ग्राम पंचायत बिरझापुर के सहयोग से यह कार्य आरंभ किया है। पहले तालाब का गहरीकरण किय़ा गया, अब वहां पर दो सौ पौधे लगाए जाएंगे। 12 जुलाई को सुबह 10 बजे संगोष्ठी के साथ वृक्षारोपण का कार्यक्रम रखा गया है। संगोष्ठी का विषय है प्राचीनकाल के स्वच्छ तालाब। इसमें पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के पूर्व कुलपति डॉ. एस.के. पांडेय मुख्य अतिथि होंगे। विशेष वक्ता के तौर पर घासीदास संग्रहालय रायपुर के संग्रहालयाध्यक्ष एवं पुरातत्वविद् श्री प्रभात कुमार सिंह होंगे। तालाब जीर्णोद्धार के साथ ही पार में पौधे लगाकर उसे उद्यान के रूप में विकसित करने की अभिनव पहल की जा रही है। इसके लिए बिना किसी सरकारी सहयोग से तालाब की जाली से फैंसिंग करके पौधे लगाने की योजना है। इसके लिए अभिनव जीवन कल्याण समिति दुर्ग सहयोग प्रदान कर रही है। पौधों की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही है। उद्यान विकसित होने से शनि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पेड़ की छांव मिलेगी। यह स्थल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा।

