हेमंत उमरे CG सच तक धमधा/ शिक्षक संघर्ष मोर्चा धमधा ने VSK App (विद्या समीक्षा केन्द्र) लागू किए जाने के संबंध में आपत्ति एवं निराकरण हेतु अनुविभागीय अधिकारी धमधा को आज ज्ञापन सौंपा है
युवराज साहु ने बताया कि शासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकगण शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन हेतु सदैव अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा एवं समर्पण के साथ करते आ रहे हैं। परंतु वर्तमान में शिक्षा विभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण योजना VSK App (विद्या समीक्षा केन्द्र), जिसको शिक्षकों के निजी मोबाइल फोन के माध्यम से लागू किए जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं, जो अनेक दृष्टियों से अव्यवहारिक है।
चूंकि VSK एप डाउनलोड करने पर लोकेशन, गैलरी व वीडियो जैसी निजी अनुमतियां मांगी जा रही हैं। यह एप शिक्षकों के निजी मोबाइल फोन में उपयोग किया जाना है, जिसमें बैंक डिटेल, आधार व पैन, निजी फोटो जैसी संवेदनशील जानकारियां सुरक्षित रहती हैं। ऐसे में निजता के उल्लंघन और साइबर फ्रॉड की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। यदि किसी शिक्षक के साथ वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा यह बड़ा सवाल है। मोबाइल शिक्षकों की निजी संपत्ति है, जिसे खरीदने व रिचार्ज कराने का खर्च स्वयं वहन करते हैं। निजी मोबाइल में सरकारी एप के उपयोग के लिए दबाव डालना अनुचित है। हम ऑनलाइन अटेंडेंस के विरोधी नहीं हैं, बशर्ते विभाग इसके लिए बायोमेट्रिक डिवाइस और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराए या शासन अपने खर्च से शालाओं को मोबाइल फोन व इंटरनेट की व्यवस्था करे।
जब तक ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित न हो, तब तक उक्त योजना/कार्य को निजी मोबाइल के माध्यम से लागू करने के निर्देश स्थगित किए जाएँ ।
इस न्यायोचित मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की गई है।

