108 स्टाफ़ की सूझबूझ से एम्बुलेंस में गूँजी किलकारी, गर्भवती महिला ने स्वस्थ बेटी को दिया जन्म
108 संजीवनी एक्सप्रेस ने एक बार फिर अपने नाम के अनुरूप काम किया है। 108 स्टाफ की सूझबूझ से गर्भवती महिला ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया।
हेमंत उमरे CG सच तक / मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह 9 बजे ग्राम भानपुरी ( अंडा) निवासी प्रीति देशमुख उम्र 30 वर्ष ,पति बबलू देशमुख को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने डायल 108 के माध्यम से सूचना दी। सूचना मिलते ही ईएमटी भुनेश्वरी देशमुख और पायलट लिवेन्द्र कुमार तुरन्त घर पहुँचें। महिला को एम्बुलेंस में शिफ्ट कर हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए। घर से आगे निकलते ही 3 किलोमीटर दूर ग्राम कोडिया के पास गर्भवती महिला की प्रसव पीड़ा अत्याधिक बढ़ गई। पायलट लिवेन्द्र ने गर्भवती महिला की स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ी की। इसके पश्चात ईएमटी भुनेश्वरी ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए सर्वप्रथम ईआरसीपी के माध्यम से डॉक्टर संजय सिन्हा से संपर्क साधा और उनके सलाहनुसार प्रसव प्रक्रिया परिजनों के सहमति उपरांत शुरू की। कुछ ही क्षणों पश्चात प्रीति ने बेटी को जन्म दिया। बच्ची की किलकारी गूंजते ही परिजनों ने भी राहत की सांस ली। सुरक्षित प्रसव पश्चात माँ और बेटी को पीएचसी हनोदा में भर्ती कराया गया। सुरक्षित प्रसव के लिए परिजनों ने 108 टीम को धन्यवाद दिया।


