बैठक-प्रशिक्षण तीन बजे तक समाप्त करे प्रशासन- सुरेश कुमार साहू
हेमंत उमरे CG सच तक धमधा/ दुर्ग जिले में महिला कर्मचारियों को सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी शासकीय बैठकों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को दोपहर तीन बजे तक समाप्त किए जाने की मांग उठी है। यह मांग पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार साहू ने कलेक्टर जनदर्शन शाखा जिला दुर्ग को दिए गए ज्ञापन के माध्यम से की है।सुरेश कुमार साहू ने कहा कि अक्सर ब्लाक मुख्यालय, जिला मुख्यालय अथवा अन्य स्थानों पर आयोजित बैठकों व प्रशिक्षणों की द्वितीय पाली देर शाम तक चलती है। इससे दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली महिला कर्मचारियों को अंधेरा होने के बाद अपने निवास या मुख्यालय लौटना पड़ता है, जो वर्तमान में जल्दी सूर्यास्त के कारण असुरक्षित व असुविधाजनक हो जाता है। सुरेश कुमार साहू ने बताया कि शासन स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और उनके कार्यस्थल पर अनुकूल वातावरण को लेकर स्पष्ट नीतियां हैं। महिलाएं नौकरी के साथ साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां भी निभाती हैं, ऐसे में देर तक चलने वाली बैठकों से उन्हें अतिरिक्त मानसिक व शारीरिक परेशानी होती है। यह भी कहा गया है कि कुछ अधिकारी बैठकों व प्रशिक्षणों को अनावश्यक रूप से लंबा खींचते हैं, जबकि उनके स्वयं के परिवारों में भी महिलाएं होती हैं। बावजूद इसके महिला कर्मचारियों की व्यावहारिक कठिनाइयों को नजर अंदाज किया किया जाता है।कई बार दबाव व डर के कारण के कारण महिला कर्मचारी इस विषय पर खुलकर बोल भी नहीं पातीं। सुरेश साहु ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए जाएं कि कोई भी बैठक या प्रशिक्षण कार्यक्रम इस प्रकार आयोजित किया जाए, जिससे वह लगभग दोपहर तीन बजे तक समाप्त हो जाए। इससे महिला कर्मचारियों को सुरक्षित समय पर अपने घर या मुख्यालय लौटने में सुविधा मिलेगी और शासन की महिला संवेदनशील सोच भी साकार होगी।

