धमधा ब्लॉक के शासकीय विभागों में 5 करोड़ 59 लाख से अधिक का बिजली बिल बकाया,
गरीब पर सख्ती, सरकारी विभागों पर नरमी क्यों
राजनीतिक गलियारों में भी गर्माया मामला
हेमंत उमरे CG सच तक धमधा/ दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड में बिजली बिल बकाया का बड़ा आंकड़ा सामने आने के बाद क्षेत्र में तीखी चर्चा शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार धमधा ब्लॉक में शासकीय विभागों और कुछ संस्थानों पर कुल 5 करोड़ 59 लाख 28 हजार 966 रुपये 68 पैसे का बिजली बिल लंबे समय से बकाया है। इतनी बड़ी राशि ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त विवरण के मुताबिक ग्राम पंचायत नई जल योजना, सड़क बत्ती, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनपद पंचायत, नगरीय निकाय, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, पुलिस विभाग सहित कई शासकीय इकाइयों पर लाखों और करोड़ों रुपये का बिजली बिल बकाया है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि आम गरीब उपभोक्ता यदि एक या दो महीने बिजली बिल नहीं भर पाए, तो तुरंत कनेक्शन काट दिया जाता है, लेकिन जब सरकारी विभागों पर करोड़ों का बकाया हो, तब बिजली विभाग कोई सख्त कार्रवाई करता नजर नहीं आता।
मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। कांग्रेस महामंत्री राजीव गुप्ता ने कहा कि गरीबों पर बिजली विभाग की कार्रवाई तुरंत होती है, लेकिन सरकारी विभागों के मामले में दोहरी नीति अपनाई जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक ब्लॉक में इतना बकाया है, तो पूरे प्रदेश की स्थिति क्या होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित बजट मिलने के बावजूद बिजली बिल जमा न होना गंभीर लापरवाही है। फिलहाल धमधा ब्लॉक में बिजली बिल बकाया का यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सभी की नजरें बिजली विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

