छत्तीसगढ़ विहान सक्रिय महिलाओं ने विभिन्न मांगो को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
सरकार से मानदेय व सुविधाएं बढ़ाने की प्रमुख मांगे शामिल

हेमंत उमरे CG सच तक धमधा/.एन आर एल एम विहान
सीआरपी,सक्रिय महिला संघ, दुर्ग द्वारा जुड़ी सक्रिय महिलाओं की विभिन्न मांगों को लेकर राज्य शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं द्धारा किए जा रहे कार्यों में मानदेय, सुविधाओं और कार्य परिस्थितियों में सुधार की मांग रखी है।
महिलाओं ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान, जल जीवन मिशन, वृक्षारोपण, आंगनबाड़ी सहयोग, पोषण जागरूकता, ग्राम सभा आयोजन, बीमा कार्य, बैंक एवं डिजिटल कार्यों सहित कई योजनाओं में उनसे निरंतर काम लिया जा रहा है। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मासिक मानदेय 1910 रुपये है, जो वर्तमान महंगाई को देखते हुए अत्यंत कम है। साथ ही मानदेय नियमित रूप से नहीं मिलती है
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अन्य राज्यों में समान कार्य के लिए अधिक मानदेय दिया जा रहा है, जबकि छत्तीसगढ़ में सक्रिय महिलाओं को कम राशि में अधिक जिम्मेदारियां निभानी पड़ रही हैं। मोबाइल व ऑनलाइन कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं होने से भी उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सक्रिय महिलाओं ने मांग की कि मानदेय बढ़ाकर सम्मानजनक किया जाए, मोबाइल व इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा कार्य के अनुरूप प्रोत्साहन राशि दी जाए। उन्होंने शासन से आग्रह किया कि ग्रामीण स्तर पर योजनाओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही महिलाओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिलाओं ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान करेगी।

