एनएसएस बीआईटी दुर्ग के स्वयंसेवक आदित्य संतोष नायर का नेशनल इंटीग्रेशन कैंप में चयन
दुर्ग। राष्ट्रीय सेवा योजना, बीआईटी दुर्ग के लिए यह अत्यंत गौरव का अवसर है कि इकाई के सक्रिय और समर्पित स्वयंसेवक आदित्य संतोष नायर का चयन नेशनल इंटिग्रेशन कैंप (NIC) 2025 के लिए किया गया है। यांत्रिक इंजीनियरिंग के 7वें सेमेस्टर के विद्यार्थी आदित्य अपनी लगन, अनुशासन और सेवा-भाव के लिए निरंतर सराहे जाते रहे हैं। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिविर 22 से 28 नवंबर तक सरदार पटेल विश्वविद्यालय, आनंद (गुजरात) में आयोजित होगा, जिसमें आदित्य हमारे संस्थान, सीएसवीटीयू भिलाई का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस वर्ष सीएसवीटीयू से 10 विद्यार्थियों का चयन हुआ है राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए और उनमें से एक आदित्य का चयन होना हमारे लिए अत्यंत गर्व की बात है, जो उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।
आदित्य का चयन न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण का परिणाम है, बल्कि एनएसएस बीआईटी दुर्ग की सक्रियता और सामाजिक प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। इस उपलब्धि पर संस्था के प्राचार्य डॉ. एस. के. जैसवाल, डॉ. डी. एस. रघुवंशी, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर, सीएसवीटीयू भिलाई, तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शबाना नाज़ सिद्दीकी और अभिजीत लाल ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। प्राचार्यों और अधिकारियों ने कहा कि आदित्य जैसे प्रतिभाशाली स्वयंसेवक संस्था की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाते हैं।
कार्यक्रम अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय शिविर में चयन किसी भी स्वयंसेवक की नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और संगठनात्मक कौशल का प्रतीक है। आदित्य की यह उपलब्धि अन्य स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

