धमधा /दुर्ग जिले के धमधा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई सामने आई है। गांजा तस्करी से करोड़ों की काली कमाई करने वाले आरोपी मनोज साहू पर प्रशासन ने ऐसा शिकंजा कसा है, जो पूरे इलाके के नशा कारोबारियों के लिए चेतावनी बन गया है।
धमधा क्षेत्र में लंबे समय से गांजा तस्करी के जरिए अवैध संपत्ति खड़ी करने वाले आरोपी मनोज साहू की करीब 8 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी गई है। इस कार्रवाई के तहत उसकी 16.68 एकड़ कृषि भूमि को सीज कर दिया गया है।
यह बड़ी कार्रवाई NDPS Act की धारा 68(F) के तहत की गई है, जो मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति को जब्त करने का प्रावधान देती है। इस पूरे मामले में आदेश मुंबई स्थित SAFEMA/NDPS प्राधिकरण की ओर से जारी किया गया, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी मनोज साहू के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय था। अवैध कमाई को छिपाने के लिए उसने कृषि भूमि समेत कई संपत्तियां अपने नाम और अन्य लोगों के नाम पर खरीदी थीं।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई केवल संपत्ति जब्ती तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आरोपी के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इससे जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


