धमधा के जियो पेट्रोल पंप के पास छोटा हाथी वाहन पलटा, 12-15 लोग घायल

धमधा, दुर्ग : धमधा क्षेत्र में मंगलवार को सुबह एक अनियंत्रित छोटा हाथी वाहन के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसा जियो पेट्रोल पंप के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार छोटा हाथी वाहन में 12 से 15 लोग सवार थे। सभी लोग अगार के रहने वाले हैं जो नंदकट्ठी में काम करने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन सड़क पर पलट गया।
हादसे में वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मदद की और सभी घायलों को 112 की टीम व धमधा पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।


