ग्राम भोरमपुर में फ्रिज का दरवाजा खोलते ही हुआ भीषण विस्फोट, किसान की हुई मौत
हेमंत उमरे CG सच तक धमधा/ खैरागढ़ जिले के छुईखदान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोरमपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घरेलू फ्रिज में अचानक हुए भीषण धमाके में 52 वर्षीय किसान श्रीराम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बीते सोमवार की है, जब श्रीराम वर्मा रोज की तरह फ्रिज से सामग्री निकालने के लिए उसका दरवाज़ा खोल रहे थे।जानकारी के मुताबिक, जैसे ही किसान ने फ्रिज खोला, अंदर से तेज विस्फोट हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके दोनों पैर मौके पर ही उखड़ गए और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। परिजन व ग्रामीण उन्हें तत्काल छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया अत्यधिक रक्तस्राव और आंतरिक चोटों की वजह से किसान ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। मृतक श्रीराम वर्मा अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं।
धमाके की वजह स्पष्ट नहीं, तकनीकी जांच की आवश्यकता
फिलहाल विस्फोट के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फ्रिज रातभर बंद था और सुबह चालू करते ही हादसा हुआ। फ्रिज रसोई में रखा गया था और संभवतः पुराने मॉडल का था। तकनीकी विशेषज्ञों की मानें तो ऐसा विस्फोट कंप्रेसर फेल, गैस रिसाव या ओवरलोड इलेक्ट्रिकल सर्किट के कारण हो सकता है।
उपभोक्ताओं के लिए चेतावनी: घरेलू उपकरणों की समय-समय पर जांच ज़रूरी
यह हादसा सभी उपभोक्ताओं के लिए एक चेतावनी है कि घरेलू उपयोग के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों — जैसे फ्रिज, एसी, कूलर, गीजर आदि की समय-समय पर अधिकृत तकनीशियन से जांच और सर्विसिंग कराना जरूरी है। साथ ही, सुरक्षा जांच की लिखित रिपोर्ट भी सुरक्षित रखना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
प्रशासन ने लिया संज्ञान, जांच टीम करेगी विस्फोट के कारणों की पड़ताल
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। बिजली विभाग और तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम विस्फोट के संभावित कारणों की जांच करेगी। उम्मीद है कि रिपोर्ट के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।


