करमतरा प्राथमिक स्कूल में बड़ा हादसा
खैरागढ़ जिले के करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में मंगलवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान अचानक हड़कंप मच गया, जब बच्चे एक–एक कर चक्कर खाकर जमीन पर गिरने लगे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार स्कूल खुलने से पहले पहुंचे बच्चों ने स्कूल परिसर के आसपास लगे रतनजोत के जहरीले पौधे का फल खा लिया था। इसके बाद 16 से 17 बच्चे बीमार पड़ गए।
सभी बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा लाया गया, जहां उपचार जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार चार बच्चों पर असर ज्यादा, जबकि बाकी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे खैरागढ़ रेफर किया जा रहा है।
घटना की खबर फैलते ही करमतरा गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में पालक और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, अस्पताल परिसर में दहशत और चिंता का माहौल है।
इधर मामले को लेकर जब जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि
“मुझे घटना की जानकारी नहीं थी, मीडिया के माध्यम से पता चला है, जानकारी ले रहा हूं।”
बच्चे अस्पताल पहुंच चुके हैं लेकिन जिले के जिम्मेदार शिक्षा अधिकारी का मामले से अनजान होना स्कूल सुरक्षा व्यवस्था और शिक्षा विभाग की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर से जहरीले पौधों को तुरंत हटाने और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पूरा मामला खैरागढ़ जिले के करमतरा शासकीय प्राथमिक स्कूल का है


